इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती शादी तक जा पहुंची। युवक शाहाबाद आकर एक बार युवती से मिल भी गया। 12 मई को शादी की बात तय हुई। मध्य प्रदेश के छतरपुर से युवक अपने परिचितों के साथ शाहाबाद आया। यहां युवती ने यह कहकर शादी करने से इनकार कर दिया कि जो युवक पहले मिल गया था, वह कोई और था। इसके बाद शादी के लिए सजे लॉन में युवक और उसके साथियों की पिटाई हुई। बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
शाहाबाद नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती के माता पिता की मौत हो चुकी है। बड़ी बहन की शादी हो गई है। युवती ने बताया कि इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती मध्यप्रदेश के भोपाल निवासी राहुल मिश्रा से हुई थी। राहुल ने खुद को भारतीय सेना में कार्यरत बताया था। बातचीत के दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं। दावा है कि राहुल ने शाहाबाद आकर उससे शादी करने की बात कही। युवती की बड़ी बहन की सहमति से 12 मई को शादी की बात तय हो गई।


