बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता चंकी पांडे की बेटी और एक्ट्रेस अनन्या पांडे पिछले कुछ समय से अपनी अपकमिंग फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं. लक्ष्य लालवानी इस फिल्म के होरी हैं. विवेक सोनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 22 मई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. करण जौहर फिल्म के प्रोड्यूसर हैं. ‘चांद मेरा दिल’ का टीजर रिलीज हो गया है, जिसमें अनन्या और लक्ष्य की केमिस्ट्री लोगों की खूब पंसद आ रही है. आइए ‘चांद मेरा दिल’ की रिलीज से पहले अनन्या के अब तक के फिल्मी सफर पर एक नजर डालते हैं.
अनन्या पांडे की फ्लॉप फिल्में
अनन्या ने 2019 में आई फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था, लेकिन उनकी पहली ही फिल्म बुरी तरह से फ्लॉप हो गई.
बॉलीवुड हंगामा रिपोर्ट के मुताबिक, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर केवल 69.11 करोड़ रुपये कमाए थे और इसे फ्लॉप करार दिया गया. फिल्म में टाइगर श्रॉफ और तारा सुतारिया जैसे एक्टर्स भी नजर आए थे.
मुंह के बल गिरी ‘लाइगर’
अनन्या की दूसरी फ्लॉप फिल्म ‘लाइगर’ है, जो साल 2022 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में एक्ट्रेस ने विजय देवरकोंडा के साथ स्क्रीन शेयर किया था. फिल्म के टीजर और ट्रेलर को तो ऑडियंस का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म औंधे मुंह गिरी. बॉलीवुड हंगामा रिपोर्ट के मुताबिक, ‘लाइगर’ बॉक्स ऑफिस पर केवल 20.05 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर पाई थी.
‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’
अनन्या पिछली बार कार्तिक आर्यन के साथ फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ में नजर आई थी. इस फिल्म को लेकर दर्शक काफी उत्साहित थे, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह फ्लॉप हो गई और ये अपना बजट भी नहीं वसूल पाई. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 30.90 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि इसे बनाने में 90 करोड़ रुपये लगे थे.
‘पति पत्नी और वो’ ने कमाए इतने करोड़ रुपये
अनन्या की पहली हिट फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ थी, जिसमें वो कार्तिक आर्यन और भूमि पेडनेकर के साथ नजर आईं. बॉलीवुड हंगामा रिपोर्ट के अनुसार, 2019 में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 86.89 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि इसका बजट 45 करोड़ रुपये था. फिल्म में कार्तिक, अनन्या और भूमि की तिकड़ी लोगों को बहुत पसंद आई थी.
अनन्या पांडे की ‘ड्रीम गर्ल 2’ हुई हिट
अब बात करते हैं साल 2023 में आई फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ की. इसमें अनन्या के साथ आयुष्मान खुराना नजर आए थे. दोनों की जोड़ी लोगों को बहुत पसंद आई और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी हिट साबित हुई. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 104.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. बता दें कि यह अनन्या की पहली फिल्म है, जिसने टिकट खिड़की पर 100 करोड़ रुपये से अधिक कमाए थे.
‘केसरी चैप्टर 2’ का रहा ऐसा हाल
अनन्या पिछले साल फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ लेकर आई थीं, जिसमें वो अक्षय कुमार और आर माधवन के साथ दिखीं. इस फिल्म में उनके काम को बहुत पसंद किया गया. बॉक्स ऑफिस पर भी इस फिल्म ने ठीक-ठाक कमाई की. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 93.28 करोड़ रुपये का कारोबार किया था.
इन वेब सीरीज में नजर आ चुकी हैं अनन्या पांडे
अनन्या ने साल 2020 में ZEE5 पर आई वेब सीरीज ‘खाली पीली’ के जरिए OTT की दुनिया में कदम रखा था. इसके बाद वो ‘गहराइयां’, ‘खो गए हम कहां’ और ‘CTRL’ जैसी वेब सीरीज नजर आईं.


![Tim Cook explores rare iPod, iPhone prototypes in new interview [Video]](https://samachar365din.com/wp-content/uploads/2026/04/Screenshot-2026-04-01-at-2.41.41-PM-150x150.png)