‘धुरंधर 2’ में अपने किरदार से सुर्खियां बटोरने वाले आदित्य उप्पल ने अमर उजाला से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने किरदार, शूटिंग के अनुभव और फिल्म को लेकर उठ रहे सवालों के बारे में अपनी बात रखी। उन्होंने ये भी बताया कि कहां-कहां और कैसे शूट हुए ‘धुरंधर 2’ के अहम सीन? पढ़िए पूरी कहानी आदित्य की ही जुबानी।
थाईलैंड में बनी ल्यारी, अमृतसर में बनाया पाकिस्तान
जितनी बड़ी यह फिल्म है उतनी ही बड़ी इसकी तैयारी भी थी। ल्यारी का सेट हमने थाईलैंड में बनाया था। इसे तैयार करने में ही तीन महीने लग गए। वहीं कहानी के मुताबिक पाकिस्तान जैसा माहौल दिखाना था तो इसके लिए अमृतसर को चुना गया। वहां की गलियां और माहौल उस दुनिया के काफी करीब लगे। बाकी अंदर के दृश्य बॉम्बे के स्टूडियो में शूट किए गए।
दूसरे पार्ट की शूटिंग पहले की थी
हमने पूरी फिल्म एक साथ शूट की थी और किसी को अंदाजा ही नहीं था कि बाद में इसे दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। टीम के लिए यह एक ही कहानी थी। जो सीन आपने सेकंड पार्ट में देखे वो हमने पहले शूट किए थे।