Gujarat Titans vs Rajasthan Royals Today IPL Match Prediction: IPL 2026 टूर्नामेंट का नौवां मैच आज गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा. यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. अपने होमग्राउंड पर गुजरात सीजन का पहला मैच जीतना चाहेगी, दूसरी ओर राजस्थान दूसरी बड़ी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
आईपीएल 2026 में पहली बार नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर कोई मैच खेला जा रहा होगा, जिसे बड़े-बड़े स्कोर के लिए जाना जाता है. गुजरात और राजस्थान के बीच हाई-स्कोरिंग मैच खेले जाने की संभावना होगी. इंडियन प्रीमियर लीग में इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 243 रन है. रन चाहे कितने भी बनें, यहां कागजी आंकड़ों के आधार पर जान लीजिए कि आज का मैच कौन जीत सकता है.
आज कौन जीतेगा?
सबसे पहले हेड टू हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो गुजरात टाइटंस का पलड़ा बहुत भारी रहा है. गुजरात और राजस्थान कुल 8 बार आमने-सामने आए हैं, जिनमें 6 बार गुजरात टाइटंस की टीम ने बाजी मारी है. राजस्थान सिर्फ 2 बार गुजरात को हरा सकी है, लेकिन इस बार RR एक नए कप्तान के अंडर खेल रही है, जिसने आईपीएल 2026 के पहले ही मैच में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से धो डाला था.

चूंकि आज का मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा, वहां भी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुजरात टीम का पलड़ा भारी रहा है. यहां खेले गए 3 मैचों में राजस्थान रॉयल्स केवल एक बार गुजरात टाइटंस को मात दे पाई है. ये आंकड़े भी गुजरात की जीत की ओर इशारा कर रहे हैं.
IPL 2026 में अब तक का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराया था. विशेष रूप से वैभव सूर्यवंशी बेहद खतरनाक अंदाज में बैटिंग करते दिखे, जिन्होंने 17 गेंदों में 52 रन बना डाले थे. यशस्वी जायसवाल भी अच्छे टच में दिखे हैं. गेंदबाजों ने भी CSK के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया था.
गुजरात टाइटंस की टीम अपना पहला मैच पंजाब किंग्स के हाथों 3 विकेट से हार गई थी. गुजरात की ओर से अच्छी गेंदबाजी हुई, लेकिन बल्लेबाजों को बेहतर स्ट्राइक रेट से बैटिंग करने की जरूरत होगी. अगर गुजरात के बल्लेबाज आज कमान संभाल पाए, तो आज वह राजस्थान को धूल चटा सकती है.
यह भी पढ़ें: