Home Decor Tips: आजकल मेट्रोपॉलिटन शहरों में 2BHK फ्लैट्स को सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है. एक छोटे परिवार के बजट और जरूरत के हिसाब से ये फ्लैट्स बिल्कुल परफेक्ट साबित होते हैं. 2BHK होने की वजह से अक्सर लोगों को ऐसा लगता है कि जगह कम होने के कारण वे अपने इस घर को एक आलीशान और लग्जरी लुक नहीं दे पाएंगे. अगर आप भी 2BHK फ्लैट में रहते हैं और आपका भी मानना बिल्कुल ऐसा ही है, तो आप पूरी तरह से गलत हैं. इंटीरियर डिजाइनिंग की दुनिया में कुछ बेहद आसान और स्मार्ट तरीके हैं, जिनकी मदद से आप अपने सिंपल से 2BHK फ्लैट को भी एक आलीशान और लग्जरी लुक दे सकते हैं. सबसे खास बात तो यह है कि इसके लिए आपको बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. इसके लिए आपको सिर्फ थोड़ी सी समझदारी से काम लेने की जरूरत है. तो चलिए, आपके फ्लैट को आलीशान और लग्जरी लुक किस तरह से दिया जा सकता है, इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.

रंगों का सही चुनाव और न्यूट्रल पैलेट
जब हम किसी भी घर में घुसते हैं तो हमें सबसे पहले वहां की दीवारें और उनका रंग ही दिखाई देता है. अगर आपका फ्लैट 2BHK ही है, तो डार्क रंगों का इस्तेमाल करने से आपको बचना चाहिए. इस तरह के रंग आपके कमरे को और भी छोटा दिखाने का काम करते हैं. अपने फ्लैट को एक लग्जरी लुक देने के लिए दीवारों पर हमेशा ही हल्के या फिर न्यूट्रल रंगों का इस्तेमाल करना बेस्ट माना जाता है. ऑफ-व्हाइट, क्रीम, लाइट ग्रे या बेज कलर सिर्फ आपकी आंखों को सुकून नहीं देते हैं, ये लाइट को भी बहुत ही अच्छी तरह से रिफ्लेक्ट करते हैं. जब ऐसा होता है तो आपका फ्लैट काफी ज्यादा बड़ा और खुला-खुला हुआ दिखाई देने लगता है. आप अगर चाहें तो किसी एक मुख्य दीवार पर खूबसूरत टेक्सचर पेंट या वॉलपेपर लगाकर उसे हाईलाइट भी कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: घर आने वाला हर मेहमान करेगा आपके लिविंग रूम की तारीफ, बिना ज्यादा पैसे खर्च किए दें लग्जरी और ट्रेंडी लुक
सही लाइटिंग और स्टेटमेंट झूमर का इस्तेमाल
आपको शायद यह जानकर हैरानी हो, लेकिन सही लाइटिंग किसी भी घर का माहौल पूरी तरह बदल सकती है. अगर आप अपने 2BHK फ्लैट को एक लग्जरी लुक देना चाहते हैं तो इसके लिए सिर्फ सिंपल सीएफएल या फिर एलईडी बल्ब्स का इस्तेमाल करना ही काफी नहीं है. इसकी जगह पर आपको अपने फ्लैट में लेयर्ड लाइटिंग का इस्तेमाल करना चाहिए. आप अगर चाहें तो फॉल्स सीलिंग बनवाकर उसमें कंसील्ड लाइट्स और वॉर्म व्हाइट एलईडी स्ट्रिप लाइट्स भी लगवा सकते हैं. इसके अलावा अपने लिविंग रूम के सेंटर में एक बेहद ही खूबसूरत और मॉडर्न डिजाइन का छोटा सा झूमर या स्टेटमेंट पेंडेंट भी लगवाना फायदेमंद साबित हो सकता है. जब घर के कोनों में हल्की और खूबसूरत रोशनी बिखरती है, तो पूरा फ्लैट अपने आप ही बेहद लग्जरी और आलीशान दिखने लगता है.
मल्टी-फंक्शनल और स्मार्ट फर्नीचर का इस्तेमाल
अगर आप एक छोटे 2BHK फ्लैट को भी लग्जरी लुक देना चाहते हैं, तो इसका सबसे बड़ा रूल है कि आप उसे फर्नीचरों से बिल्कुल भी न भरें. बहुत ही हैवी और पुराने स्टाइल के फर्नीचर की जगह पर एक स्लीक, मॉडर्न और मल्टी-फंक्शनल फर्नीचर का इस्तेमाल करना शुरू करें. इसका मतलब है कि ऐसे सोफे का इस्तेमाल करें जो जरूरत के समय बेड भी बन सके, या फिर एक ऐसा बिस्तर चुनें जिसके अंदर काफी सारा स्टोरेज एरिया हो. जब जमीन पर जगह खाली दिखाई देती है, तो घर अपने आप बड़ा और सुलझा हुआ दिखाई देने लगता है. इसके अलावा आप अगर चाहें तो सोफे पर कुछ मखमली या सिल्क के कुशन कवर्स का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. फर्नीचर का लेआउट ऐसा रखें जिससे घर में चलने-फिरने की पूरी जगह मिले, क्योंकि खुलापन ही असली लग्जरी फील लेकर आता है.
ये भी पढ़ें: छोटी सी बालकनी को बनाएं घर का सबसे खूबसूरत कोना, ये 5 सस्ते आइडियाज देंगे उसे मिनी गार्डन जैसा लुक
शीशों और लंबे पर्दे का इस्तेमाल
यह एक ऐसी ट्रिक है जिसे इंटीरियर डिजाइनर्स काफी ज्यादा पसंद करते हैं. इसके लिए सबसे पहले अपने लिविंग रूम या फिर डाइनिंग एरिया की किसी भी एक दीवार में एक बड़ा सा डिजाइनर शीशा यानी कि आईना लगा दें. यह न सिर्फ कमरे की अंदर की लाइटिंग को दोगुना करेगा, बल्कि यह एक इल्यूजन भी पैदा करेगा जिससे कमरा अपने आप ही दोगुना बड़ा दिखाई देने लगेगा. इसके अलावा अपने घर की खिड़कियों और दरवाजों पर हमेशा छत की ऊंचाई से नीचे तक गिरने वाले लंबे पर्दों का ही इस्तेमाल करें. जब ये पर्दे छत के पास से शुरू होकर जमीन को छूते हैं, तो आपके फ्लैट की ऊंचाई ज्यादा लगने लगती है और साथ ही आपके घर को एक रॉयल टच भी मिलता है.
इनडोर प्लांट्स और मेटैलिक टच भी जरूरी
2BHK फ्लैट को आलीशान बनाने का लास्ट और सबसे आसान तरीका है उसमें नेचर और थोड़ी सी शाइन को जोड़ना. इसके लिए अपने लिविंग रूम के कोनों में या टीवी यूनिट के पास सुंदर इनडोर प्लांट्स जैसे मॉन्स्टेरा, स्नेक प्लांट या पीस लिली रखें. बता दें हरे-भरे पौधे घर में एक फ्रेश और लग्जरी लुक लाते हैं. इसके साथ ही, घर को डेकोरेट करने के लिए थोड़ा सा मेटैलिक टच जरूर दें. उदाहरण के लिए, आप गोल्ड या कॉपर फिनिश वाले फ्लावर वास, फोटो फ्रेम्स या कैंडल स्टैंड भी रख सकते हैं. हमेशा इस बात का ख्याल रखें कि यह शाइन हल्की होनी चाहिए, बहुत ज्यादा तड़क-भड़क से लुक खराब हो सकता है.
ये भी पढ़ें: खाली पड़ी छत को बनाएं घर का सबसे कूल और कम्फर्टेबल कॉर्नर, ये 5 आइडियाज देंगे उसे खूबसूरत कैफे जैसा लुक

